सोनभद्र। किसान सम्मान दिवस पर रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर लोढ़ी में किसान मेला, प्रदर्शनी लगी। डीमए अमित कुमार सिंह ने पूर्व प्रधान मंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगे स्टाल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में उन्होंने रवि, खरीफ, रेशम, मत्स्य पालन, पशु पालन के क्षेत्र में बेहतरीन उत्पादन करने वाले जिले के 32 किसानों को सात-सात हजार रूपये प्रथम दर्जा पाने वाले को और अधिक उत्पादकता के दूसरा दर्जा पाने वाले किसानों को पांच-पांच हजार रूपये, अंगवस्त्रम, प्रशस्ति-पत्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसान फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए तकनीकी सहयोग के साथ-साथ वैज्ञानिकों के बताये गये जानकारी को अमल में लायें। अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए अतिरिक्त रूप में मुर्गी पालन, पशु पालन, मधुमक्खी पालन, फूलों की खेती करें, ताकि आमदनी बढ़ सके। इस मौके पर डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, उपनिदेशक कृषि डीके गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव, सहायक निदेशक रेशम , कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार, मदन सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह समेत तमाम किसान मौजूद रहे।