घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के वीरकला ग्राम पंचायत में सोमवार देर रात हाईवोल्टेज तार टूट कर गिरने से एक युवक झुलस गया। हादसे में एक बैल की मौत हो गई, जबकि एक भैंस भी झुलस गया। वीरकला में सोमवार रात्रि करीब आठ बजे अचानक 11 हजार का हाईवोल्टेज तार टूट कर गिर पड़ा। हाईवोल्टेज तारों के नीचे वीरकला निवासी बुधिराम विश्वकर्मा का एक बैल और रामदास का एक भैंस बंधा हुआ था। तार गिरने से बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भैंस भी करेंट की चपेट में आकर झुलस गई। मौके पर मौजूद शिव (35) पुत्र रामदास तत्काल भैंस को खूंटे से खोलने लगा और करेंट की चपेट में आकर झुलस गया। यह तो संयोग अच्छा था कि इसी दौरान बिजली आपूर्ति बंद हो गई अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। करेंट से झुलसे शिव का घोरावल के किसी निजी अस्पताल में इलाज किया गया। मवेशियों के मालिकों ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।