रेणुकूट। स्थानीय नगर में रविवार को दो जगहों पर रक्तदान शिविर लगा। इसमें 44 लोगों ने रक्तदान किया। नगर स्थित शिवा पार्क में कोलकाता बैटरी के सामने लगे रक्तदान शिविर में कुल 33 लोगों ने रक्तदान किया। यह शिविर एसएफ सोनिक बैटरी, प्रयास फाउंडेशन और सोनभद्र ब्लड डोनर ग्रुप ने संयुक्त रुप से लगाया था। शिविर का उद्घाटन चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने किया। यहां लगे रक्तदान शिविर में चौकी प्रभारी ने भी रक्तदान किया। साथ ही चौकी के दो सिपाहियों ने भी रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के आयोजक दीपेश जायसवाल ने बताया कि शिविर में 51 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया था, जिसमें कुल 33 लोगों ने रक्तदान किया। इसमें चार पति-पत्नी के जोड़े ने रक्तदान किया। शिविर की खास बात यह भी रही कि बभनी के ग्रामीण क्षेत्र से पांच लोग रक्तदान करने पहुंचे थे। इसी तरह बिड़ला मार्केट के समीप स्टेट बैंक के सामने पार्किंग में लगे भारतीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने रक्तदान शिविर लगाया। यहां 11 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में दीपेश जायसवाल, दिलीप दुबे, मणिशंकर सिन्हा, प्रमोद कुमार, आशीष शुक्ला, मणिभूषण सिंह, गौतम अग्रवाल मौजूद रहे।