रॉबर्ट्सगंज राजा शारदा महेश इंटर कालेज में यूपी टीईटी परीक्षार्थियों की लकी कतार। संवाद
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का शनिवार को समापन हुआ। तीन दिन तक चली परीक्षा में 90 प्रतिशत से ज्यादा अभ्यर्थी उपस्थित रहे। कुल पांच पालियों में 13680 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिसमें 12371 ने परीक्षा दी। अंतिम दिन शनिवार को एक पाली में हुई परीक्षा में 299 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में बाल विकास के सवालों का पैटर्न भी बदला हुआ था। बच्चों की समझ के आधार पर शिक्षण कार्य से जुड़े प्रश्न ज्यादा रहे। टीईटी के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 2736 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। पहले दिन दोनों पालियों में जूनियर वर्ग के लिए परीक्षा कराई गई थी, जबकि दूसरे दिन वह अभ्यर्थी शामिल हुए, जिन्होंने प्राथमिक व जूनियर दोनों वर्ग में आवेदन किया था। शनिवार को सिर्फ एक पाली में प्राथमिक संवर्ग के लिए परीक्षा कराई गई। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। त्रिस्तरीय जांच के बाद केंद्र में प्रवेश दिया गया। वहां भी हर कमरे की सीसी टीवी कैमरे से निगरानी होती रही। जिलाधिकारी-पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अफसरों ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि तीन दिनों में कुल 12371 अभ्यर्थी टीईटी में शामिल हुए। 1309 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।