अनपरा। उत्तर प्रदेश उत्पादन निगम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनवरी माह का उत्पादन प्रोत्साहन भत्ता मुहैया कराने के लिए पत्र भेजा है।
मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि माह जनवरी में प्राप्त उत्पादन, तेल खपत एवं अन्य विभिन्न आंकड़ों के आधार पर तापीय विद्युत गृहों एवं लखनऊ स्थित कार्यालयों में निगमित कार्मिकों के लिए उत्पादन प्रोत्साहन राशि प्रदान के लिए अनुमोदन किया है। बताया कि अनपरा अ एवं ब परियोजना में गु्रप ए के कर्मियों को मूल वेतन का 5.05 प्रतिशत, ग्रुप बी कर्मियों को 3.19 प्रतिशत तथा गु्रप सी के कर्मियों को 1.13 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। अनपरा डी परियोजना के गु्रप ए मे 12.3 प्रतिशत, गु्रप बी में 8.93 प्रतिशत तथा ग्रुप सी में 3.15 प्रतिशत का भुगतान किया जाएगा। ओबरा व परीक्षा परियोजना को कोई भी प्रोत्साहन राशि नहीं मिलेगी हरदुआगंज परियोजना के ए ग्रुप में 11.5 प्रतिशत, गु्रप बी में 8.50 प्रतिशत तथा गु्रप सी में 3 प्रतिशत की राशि दी जाएगी। मुख्यालय के गु्रप बी के कर्मियों को 3.81 प्रतिशत की राशि भुगतान की जाएगी। उत्पादन निगम द्वारा प्रतिमाह विद्युत कर्मियों को अच्छे उत्पादन, कम तेल खपत, आग्जलरी पावर कन्जप्शन को दृष्टिगत रखते हुए प्रोत्साहन राशि भत्ता दी जाती है। सीधे उत्पादन से जुड़े लोगों को ए ग्रुप में रखा गया है। क्लर्क जैसे अन्य कर्मियों के लिए बी गु्रप निर्धारित किया गया है। जबकि चिकित्सालय जैसे अन्य क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों को सी गु्रप में रखा गया है।