म्योरपुर। क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर किरबिल गांव के पास रविवार की देर रात करीब 10 बजे बेकाबू ट्रक ने एक कार और बाइक को टक्कर कर दी, जिससे छह लोग घायल हो गए। पुलिस की मदद से घायलों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर किरबिल गांव में प्रधान बच्चा लाल प्रजापति के घर के सामने बीजपुर की ओर जा रहे ट्रक ने पहले बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक सहित उछलकर आगे जा रही इंडिका कार के ऊपर गिर गए। इसके बाद ट्रक इंडिका कार को भी टक्कर मारते हुए फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार सुजीत सिंह (18) और विजय सिंह (20) निवासी किरबिल व कार में सवार सोनी (28) पत्नी राज जायसवाल, राज जायसवाल (40) निवासी किरबिल, शाकिब अहमद (25), आकिब अहमद (28) निवासी बचरा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर पहुंची म्योरपुर पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।