रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा बीजपुर मार्ग पर शुक्रवार की रात हुए हादसे के बाद शनिवार को दिन भर लोग जाम के झाम में फंसे रहे। मुर्धवा मोड़ से बीजपुर जाने वाली सड़क पर मुर्द्धवा से एक किमी आगे गुरुवार की रात में एक बॉक्साइट लदी ट्रक हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ी थी। शनिवार की भोर में करीब तीन बजे ओवरलोड बालू लदे ट्रक ने तेज गति के कारण दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ी ट्रक में धक्का मार दिया। इससे वहां जाम लग गया। जाम भोर में तीन बजे से सुबह दस बजे तक सात घंटे रहा। दोनों वाहन ओवरलोड होने के कारण ट्रकों को हटाया नहीं जा सका, जिससे काफी लंबा जाम लग गया। शनिवार की सुबह जाम लगे होने के कारण हजारों मजदूर काम पर नहीं जा सके। उन्हें वापस घर जाना पड़ा। तमाम स्कूली वाहन भी इसी जाम में फंसने के कारण स्कूल नहीं जा पाए। जाम हटाने में पुलिस भी लगी रही, लेकिन लगातार वाहनों के आने के कारण जाम बढ़ता चला गया। सुबह 10 बजे किसी तरह पुलिस ने क्रेन मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया, तब जाकर एक तरफ से यातायात शुरू हो सका। इसके बाद भी दिन भर रनटोला गांव के समीप स्थित आरवाई सिंह घाट पर जाम लगा रहा। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। तमाम लोग तो छह किमी पैदल चलकर मुर्धवा पहुंचे। तब जाकर आगे के लिए रवाना हो सके। इस दौरान काफी वाहन हाथी नाला दुद्धी होते हुए भी आगे के लिए गए।