नगर पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर मची रार थमती नहीं दिख रही है। दो बार के अध्यक्ष अनिल सिंह ने उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद ही नये अध्यक्ष और सभासदों के साथ बोर्ड की बैठक कराने का मुद्दा उठाया है। बुधवार को अनिल सिंह ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह का पत्र दिखाते हुए कहा कि प्रदेश के तीन नगर पंचायतों में नवगठित बोर्ड को पहली बैठक के लिए इंतजार करना होगा, क्योंकि इन तीन नगर पंचायतों में 2013 में चुनाव देर से हुआ था। इस बार सभी जगह के साथ चुनाव संपन्न कराए गए लेकिन बाराबंकी की सुबेहा, पीलीभीत की कलीनगर व जनपद की रेणुकूट नगर पंचायत के पिछले बोर्ड का कार्यकाल खत्म नहीं हुआ है। कार्यकाल खत्म होने के बाद ही नवगठित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक हो सकेगी, प्रमुख सचिव के पत्र के आने के बाद एक बार फिर नगर की सरगर्मी तेज हो गई है। उधर नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह ने 20 जनवरी तक बोर्ड की बैठक न कराए जाने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।