दुद्धी। विद्युत विभाग की मनमानी कटौती से तो आम जन परेशान तो हैं ही, वहीं उपभोक्ताओं को मनमाना बिल भेजने से भी यहां के लोग खासा परेशान हैं। ऐसा ही मामला मलदेवा गांव के वार्ड नं एक का है,यहां के निवासी पेशे से किसान मनोज कुमार पुत्र मानिक चंद्र को साल 2017 में विद्युत विभाग ने बीपीएल कोटे के तहत मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिया था,जिसका लोड बिल के मुताबिक 1 किलोवाट हैं। जो अपने कच्चे के घर मे दो बल्ब और एक पंखा चलाते हैं। मनोज कुमार को तीन दिन पहले जब विद्युत कर्मी ने बिल पकड़ाया उनके होश उड़ गए,दिए गए बिल पर काफी लंबी रकम 72 लाख 74 हजार 648 रुपये देख उनकी तबियत ढ़ीली पड़ गई। अब वे परेशान हाल में है कि इतना बिल तो वह अपनी पूरी जमीन बेचकर भी नहीं चुका सकते। मनोज कुमार ने कहा कि तीन दिन पहले बिल मिला है तीन वर्ष पहले बीपीएल कनेक्शन लिया था। इतना बिल भरेंगे कैसे ,यह सोच सोच कर उनकी तबियत बिगड़ रही है। पॉवर कारपोरेशन के अवर अभियंता आर हरेश ने बताया कि पीड़ित को हमारे पास भेज दी जिए, हम यहां उनकी हिस्ट्री कंप्यूटर पर चेक कर लेंगे कि ऐसी गड़बड़ी क्यों हुई? फिर उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।