घोरावल। ब्लॉक के भैंसवार और मगरदहा गांवों में बुधवार को चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में अपना दल के तत्वावधान में ग्रामीणों ने बैठक की। भैंसवार में संजय यादव के आवास पर और इसके बाद मगरदहा में पुरुषोत्तम गोंड के आवास पर बैठक हुई। मुख्य अतिथि अपना दल के जिलाध्यक्ष सीडी सिंह पटेल ने कहा कि मगरदहा गांवों में चल रही चकबंदी प्रक्रिया अन्यायपूर्ण और गरीब किसानों आदिवासियों का शोषण करने वाला है। वहीं भैंसवार गांव में खुला रकबा होने से चक बैठाना बेहद मुश्किल हो गया है। इन गांवों का नजरी नक्शा, तरमिनी, मलियत रजिस्टर इत्यादि भू माफियाओं की मिलीभगत से गायब करा दिया गया है। पूरी चकबंदी प्रक्रिया में भू माफियाओं और चकबंदी विभाग की मिलीभगत है। इस संबंध में प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक शिकायती पत्र दिया गया। इस पर शासन ने जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने का आदेश दिया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। कार्रवाई करने में तहसील प्रशासन द्वारा हीला हीलाहवाली की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में ग्रामीण शांत बैठने वाले नहीं हैं। इसके लिए दोनों गांवों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से मिलकर पूरी चकबंदी प्रक्रिया निरस्त कराने और निष्पक्ष जांच कर समुचित कार्यवाही किए जाने की मांग करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल के जिला उपाध्यक्ष गंगेश्वर सिंह पटेल ने किया। इस मौके पर दीपनारायण, शीला गोंड़, भग्गन मौर्या, लवलेश, शांति देवी, गुलाबी देवी, अशोक कुमार मौजूद रहे।