सिंगरौली। आदिवासी मरीज के सफल घुटना प्रतिस्थापन के बाद एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) ने मंगलवार को एक और जरूरतमंद मरीज का घुटना बदलने का ऑपरेशन किया। सिंगरौली जिले के तियरा गांव निवासी 65 वर्षीय रामकेश साह का घुटना बदलने का आपरेशन किया गया। आपरेशन के बाद रामकेश शाह एनएससी में ही अस्पताल के चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती हैं। घुटना प्रतिस्थापन के सफल ऑपरेशन के बाद साह की हालत ठीक है और एनएससी के चिकित्सक उन्हें धीरे-धीरे चलने के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। मंगलवार को देश के जाने माने हड्डी रोग विशेषज्ञ फरीदाबाद के एशियन हॉस्पिटल के डॉ मृणाल शर्मा ने एनएससी के चिकित्सकों के साथ मिलकर एक आर्थोपेडिक (हड्डी रोग) कैंप का आयोजन किया। कैंप में 88 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके निदान के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। घुटना प्रतिस्थापन में डॉ मृणाल शर्मा की देखरेख में एनएससी के आर्थोपेडिक विभाग के डॉ एस के गौतम, डॉ राकेश, डॉ आसिफ, डॉ सुखसागर, डॉ सुजीत ठाकुर एवं डॉ पंकज कुमार का सराहनीय योगदान रहा। इससे पूर्व भी एनसीएल ने घुटने में गठिया रोग से पीड़ित एक जरूरतमंद ग्रामीण मरीज का घुटना प्रतिस्थापन किया था। इस अवसर पर डॉ उमाशंकर, डॉ संजीव श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।