खलियारी। पेयजल संकट से राहत के नाम पर धन की होती बंदरबांट और पानी के लिए मची मारामारी से खफा सरईगाढ के ग्रामीणों ने रविवार को मुख्य बस्ती में प्रदर्शन कर आवाज उठाई। कहा कि कि उनकी बस्ती में पानी टैंकर अब तक नहीं आया है लेकिन कागज पर इसे दर्शाकर धन का बंदरबांट किया जा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेज कार्रवाई की मांग की। रजनी, आरती, राजकुमारी, शांती देवी, श्याम बहादुर, महेंद्र, रमाशंकर आदि का कहना था कि पेयजल संकट दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। नगवां ब्लाक की सभी 52 ग्राम पंचायतों के लिए जल निगम ने कागज पर 15 मार्च से ही पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी लेकिन पहाड़ी और जंगली क्षेत्र स्थित गांवों में पानी टैंकर नहीं चलाया जा रहा है। ओमप्रकाश जायसवाल का कहना था कि कई ग्राम पंचायतों के पास खुद का टैंकर है। उसकी आड़ में भी धन की बंदरबांट हो रही है। इसको लेकर संबंधितों से शिकायत की गई लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा।