चुर्क पुलिस लाइन में शराब तस्कर के आरोपी।स्रोत पुलिस
सोनभद्र। एसओजी और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात हरियाणा से झारखंड ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के पीछे छिपाकर 625 पेटियों में 9588 शीशी शराब लदी थी। इसकी अनुमानित कीमत 65 रुपये बताई गई है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश निवासी दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर तस्करी में शामिल अन्य सदस्यों को भी दबोचने में पुलिस जुट गई है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बुधवार की रात नवरात्र और दशहरा के मद्देनजर रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी और हिंदुआरी, चुर्क और लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क किनारे मैदान में खड़े ट्रक की जांच की गई। केबिन में बैठे दो व्यक्तियों ने अपना नाम नसीब चंद राजपूत और कृष्णपाल राजपूत बताया। उन्होंने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदी होने की बात कही और इनवॉइस और ई-वे बिल दिखाए। दस्तावेज में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि आरोपियों ने माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर रांची ले जाने की बात बताई। कथनों और दस्तावेज में अंतर मिलने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे शराब छिपाकर रखी मिली। बोतलों पर ‘केवल पंजाब में बिक्री के लिए’ अंकित था। आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नसीब चंद राजपूत (40) और कृष्णपाल राजपूत (38) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों के विरुद्ध रॉबर्ट्सगंज थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। पुलिस अब शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम को एसपी ने 10 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की। सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने बताया कि बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 750 एमएल वाली 407 पेटियों में 4884 शीशी, 180 एमएल वाली 58 पेटियों में 2784 शीशी और रॉयल ग्रीन की 750 एमएल वाली 160 पेटियों में 1920 शीशी शामिल हैं। इसके अलावा लाहौरी जीरा की 1275 यूनिट, करीब 25 लाख रुपये कीमत का ट्रक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। ट्रक, फोन समेत बरामद माल की कुल कीमत करीब 95 लाख रुपये है।