घोरावल (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सोमवार की रात करीब नौ बजे महोखर गांव में घटना हुई। मझिगवां चौहान गांव निवासी नचई (28) तथा उसकी बाइक पर गांव की आरती (27) और आरती के दो पुत्र अजय (5), विजय (3) भी रहे। महोखर में विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर की चपेट में आने से सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर से ट्रैक्टर भाग निकला। घटना की सूचना किसी ने एंबुलेंस को दी जिसकी सहायता से सभी चारो घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी घटना में मड़िहान थाना क्षेत्र के गोपलपुरा गांव निवासी सुनील (25) तथा उसके साथ बाइक पर पीछे सवार आकाश (15) घोरावल की ओर किसी काम से आए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे घर वापसी के दौरान हड़हिया पहाड़ी पर दूसरी बाइक से भिड़ गए। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर छह लोग घायल रहे। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।