रेणुकूट। क्षेत्र के खाड़पाथर गांव में स्थित दिव्यांग बच्चों के विद्यालय प्रियंवदा स्पीच एंड हियरिंग रिहैबिलिटेशन सेंटर पर विश्व दिव्यांग दिवस पर वार्षिकोत्सव हुआ। इसमें दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत हिंडालको की महिला मंडल की उपाध्यक्ष नंदिनी सेन ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि हम सभी को दिव्यांगों की हर संभव मदद करनी चाहिए। दिव्यांग बच्चे भी हमारे समाज के एक अंग होते हैं। इसलिए हमें उनसे पूरी सहानुभूति बरतनी चाहिए। विद्यालय की प्रधानाचार्या बबिता मिश्रा ने विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य व वार्षिक रिपोर्ट के संबंध में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विद्यालय की छात्रा खुशी मिश्रा के गीत पर तो उपस्थित लोगों की आंखों में आंसू आ गए। इस दौरान प्रबंधक त्रिभुवन पांडेय, दीपेश जायसवाल, मेनका अग्रवाल, सुनील अग्रवाल समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिलीप दुबे ने किया।