रेणुकूट। रिहंद बांध के सिंचाई विभाग के अवर अभियंता शनिवार को लगातार चौथे दिन कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे रहे। उनके समर्थन में पूरे जिले के सिंचाई विभाग के करीब 50 की संख्या में पहुंचे अभियंताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ के तत्वाधान में चल रहा बेमियादी धरना शनिवार को चौथे दिन जनपद अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में चला। अभियंताओं का आरोप है कि रिहंद बांध के सिंचाई विभाग के एक्सईएन, एसडीओ बीते कई माह से मनमानी कर रहे हैं। बांध में हो रहे मेंटेनेंस व स्पेशल रिपेयरिंग के कार्यों को सिविल अभियंताओं से न कराकर मैकेनिकल के अभियंता से जबरन कराया जा रहा है। इसका जब सिविल अभियंताओं ने विरोध किया तो चार अभियंताओं विनय कुमार, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार तथा नीतू कुमारी को उपस्थित रहने के बावजूद अनुपस्थित कर दिया गया। उनका वेतन भी काट दिया गया। इसके संबंध में कई बार बातचीत हुई, इसके बावजूद उनकी उपस्थिति सही नहीं की गई। अभियंताओं ने शनिवार को दोनों अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होंगी तब तक धरना चलता रहेगा। धरने में मुख्य रूप से पिपरी शाखा के अध्यक्ष महेश प्रसाद यादव, रतन कुमार श्रीवास्तव, अरविंद यादव, केएन तिवारी, हीरो प्रजापति, संतोष यादव, संतोष कुमार, विजेंद्र कुमार यादव, अमित कुमार वर्मा, सुनील कुमार सिंह, अक्षय कुमार, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार, केशव मौजूद रहे।