नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड महिला सशक्तिकरण के लिए पूर्णतया कटिबद्ध है। निदेशक (कार्मिक) शांतिलता साहू ने बुधवार को एनसीएल के अमलोरी स्थित वसुंधरा स्टेडियम में 13वीं अखिल भारतीय राजन मैथ्यू स्मृति महिला हाकी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। महाप्रबंधक एसके गोमास्ता, कल्याण विभाग के विभागाध्यक्ष एसएस हसन, तारकेश्वर प्रसाद और एनसीएल स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य शिवमुनि सिंह, सतेंद्र सिंह, जोगिंदर सिंह एवं गोरेलाल सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ग्रुप बी में भिलाई स्टील प्लांट और देवरिया इलेवन के बीच खेला गया। जिसमें भिलाई स्टील प्लांट ने 14-0 से बड़ी जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपने अभियान का शानदार आगाज किया। टीम ने मैच के दोनों हाफ में सात-सात गोल किए। भिलाई स्टील प्लांट की ओर से गीता ने पांच, रूषाली ने तीन, सुखविंदर कौर एवं हरप्रीत कौर ने दो-दो और ममता भट्ट एवं नवजीत कौर ने एक-एक गोल किए। आगामी 11 मार्च तक चलने वाली पांच दिवसीय प्रतियोगिता में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में ईस्ट सेंट्रल रेलवे धनबाद, दुर्ग इलेवन एवं लखनऊ इलेवन की टीमें हैं। प्रतियोगिता लीग कम नाक आउट आधार पर खेली जा रही है। दोनों टीमों की टाप दो टीमें सेमी फाइनल खेलेंगी। दोनों सेमी फाइनल मैच आगामी 10 मार्च और फाइनल मैच 11 मार्च को खेला जाएगा।