ओबरा। थाना क्षेत्र के चूड़ी गली स्थित मलिन बस्ती के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक के बीच में पैर फंस जाने से रवि (14) पुत्र बुद्घन घायल हो गया। वह शौच के लिए रेलवे ट्रैक के पास गया था। घर लौटते समय रेलवे ट्रैक पार कर ही रहा था कि इसी बीच केबिन में बैठे रेलवे कर्मी ने किसी ट्रेन के आने की सूचना पर रेल ट्रैक को चेंज कर दिया। बालक का पैर रेल ट्रैक पर होने के नाते अचानक फिसल कर बदले गए ट्रैक के बीच मे फंस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बालक के तेज आवाज में रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना रेल कर्मी को दिया। हालांकि रेल कर्मी ने तत्काल रेल ट्रैक को पुन: पहले की स्थिति में कर दिया। मौजूद लोगों ने बालक को ओबरा तापीय परियोजना चिकित्सालय में भर्ती कराया। उसे यहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।