महुली। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक सुरेंद्र कुमार (27) की मौत हो गई, जबकि सीमा (15) घायल हो गई। जोरूखाड़ गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र राम विलास क्षेत्र के फूलवार गांव से ट्रैक्टर से जोरुखाड़ गांव की ही निवासी सीमा पुत्री चतुर्गुन को साथ लेकर बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे कहीं जा रहा था। दोनों जोरूखाड़ गांव के सेमरहवां टोला में ही पहुंचे थे कि ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुरेंद्र ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर ट्रैक्टर पलटने के दौरान सीमा दूर जा गिरी और घायल हो गई। घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। उधर, घायल सीमा का उपचार गांव में ही कराया गया। उसे उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।