घोरावल। तहसील क्षेत्र के परसौना ग्राम पंचायत के घोरिया निवासी एक किसान के खेत में बोरिंग के दौरान बोर से ज्वलनशील गैस निकलने का मामला सामने आया है। किसान ने उपजिलाधिकारी भानुप्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र देकर प्रकरण की गहनता से जांच कराकर समुचित कार्रवाई की मांग की है। घोरिया निवासी किसान राम अकबाल सिंह ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि गांव में उसकी पत्नी राजकेशरी देवी के नाम से खेती की जमीन है। वह 22 जनवरी को पानी के लिए पक्का बोर करा रहा था। जब 580 फीट बोर हो चुका, तो उसमें से पानी की जगह तेजी से गैस निकलने लगी। माचिस की जलती हुई तीली गैस के पास ले जाने पर गैस जलने लगती है। उसने सोचा कि दो चार दिन में गैस निकलना बंद हो जाएगी, लेकिन अभी तक गैस निकल रही है। वहां डीजल, पेट्रोल जैसी गंध आती है। दो दिन पूर्व राम अकबाल ने बोर में सबमर्सिबल लगाकर चालू किया तो करीब पांच मिनट तक गंदा पानी निकला। इसके बाद पुन: पहले की भांति ज्वलनशील गैस निकलने लगी। उधर एसडीएम भानुप्रताप सिंह ने बताया कि घोरिया निवासी एक किसान उनके पास बोरिंग से ज्वलनशील गैस निकलने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। इसकी जांच के लिए तहसील में कोई व्यवस्था नही है। जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है।