दुद्धी(सोनभद्र)। कनहर सिंचाई परियोजना अमवार डूब क्षेत्र के कोरची की विस्थापित पार्वती देवी (70) पत्नी झुरई की सोमवार की सुबह मौत हो गई। पिछले दो दिनों में यह दूसरी विस्थापित महिला की मौत हुई है। इसके पूर्व शुक्रवार को भिसुर गांव की लखपतिया की मौत हो गई थी। दोनों को पुनर्वास पैकेज नहीं मिल सका। लखपतिया की मौत पर उसके परिवार वालों और ग्रामीणों ने उसका शव फील्ड हास्टल पर रखकर धरना दिया था और पुनर्वास पैकेज दिलाने की मांग की थी। करीब आठ घंटे की मान मनौवल पर पैकेज एक सप्ताह में दिलाने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुुआ था। सोमवार को जब कोरची की पार्वती देवी की मौत हुई तो सूचना पाकर अमवार चौकी पुलिस उसके घर पहुंच गई और जब तक शव का दाह संस्कार नहीं हुआ पुलिस वहां मौजूद रही।