सोनभद्र । मिशन इंद्र धनुष के तहत दुरूह क्षेत्रों में विशेष ध्यान देकर छूटे हुए बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण करके आठ जान लेवा बीमारियों से बचाया जाए। ग्राम स्वराज अभियान के तहत शासन की मंशा के अनुरूप शुरू हुआ अभियान पांच मई तक चलाया जाएगा। जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा संघन मिशन इन्द्र धनुष की योजना के माध्यम से चिह्नित गांवों को संतृप्त किया जाए। यह निर्देश प्रभारी जिलाधिकारी रामाश्रय ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में दिया। उन्होंने कहा कि 23 से 27 अप्रैल तक विशेष रूप से अभियान चलाकर योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया जाए। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के जरिये नियमित टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को प्रतिरक्षित किया जाए। उन्होंने अपील की कि बच्चों के माता-पिता गांव की आशा व एनएनएम से संपर्क कर 23 से 22 जून तक चलने वाले मिशन इन्द्र धनुष के तहत अपने बच्चों को टीकाकरण जरूर कराएं। विशेष रूप से छूटे हुए बच्चों को चिह्नित कर टीकाकरण कराया जाए। उन्होंने बताया कि मिशन इन्द्र धनुष के तहत टीबी, गला घोटू, काली खांसी, टीटनस, पोलियो, खसरा, हेपेटाईटिस बी और निमोनिया से बचाव के लिए टीकाकरण कराना जरूरी है।