शक्तिनगर। विकास से दूर म्योरपुर ब्लाक के कुलडोमरी गांव की सूरत संवारने का काम एनसीएल करेगा। फिलहाल गांव में सीमेंट-कंक्रीट की रोड बनेगी इसके बाद अन्य जरूरी काम किए जाएंगे। सड़क के लिए एनसीएल 42 लाख से अधिक की योजना पर काम कर रहा है। एनसीएल अपने कारपोरेट सामाजिक दायित्व कार्यक्रम, सीएसआर के जरिए यूपी व एमपी के सीमावर्ती गांवों में विकास संबंधी कई कार्य अंजाम दे रहा है। खड़िया क्षेत्र के सिविल अधिकारियों का कहना है कि नए वित्तीय साल के लिए सीएसआर के जरिए ग्रामीण अंचलों के विकास के लिए कई योजनाएं तैयार की गई हैं। कुलडोमरी गांव का सड़क निर्माण इसी का एक हिस्सा है। कुलडोमरी गांव में रोड निर्माण पर एनसीएल के प्रवक्ता सीरज कुमार सिंह ने कहा कि एनसीएल लगातार अपने आसपास के क्षेत्र के विकास व रहवासियों के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रहा है।