सोनभद्र। नगर की 50 हजार आबादी को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के उद्देश्य से राबर्ट्सगंज पुनर्गठन पेयजल योजना पर काम चल रहा है। इस परियोजना की अब टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। नगर में बनीं चार टंकियों में से तीन टंकियों तक पानी सफलता पूर्वक पहुंच गया है। अखाड़ा मोहाल में बनी चौथी टंकी तक पानी पहुंचाने की कोशिश जारी है। बांध का जलस्तर कम होने से टेस्टिंग पूरा करने में बाधा आ रही है। टेस्टिंग के बाद जल्द ही घर-घर कनेक्शन देकर जलापूर्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।
वर्ष 2014-15 में स्वीकृत करीब 96.01 करोड़ की लागत से राबर्ट्सगंज पुनर्गठन पेयजल योजना पर काम चल रहा है। बजट की कमी व अन्य तकनीकी बाधाओं से विलंबित हुई इस परियोजना से नगर की 50 हजार आबादी को पानी मुहैया कराया जाना है। परियोजना के तहत नगर के हाइडिल मैदान के पास रिमूवल प्लांट बनाया गया है। धंधरौल बांध से पानी यहां लाया जाएगा। शोधन के बाद इसकी जलापूर्ति की जानी है। इसके लिए नगर में अलग-अलग चार स्थानों पर ओवरहेड टंकी का निर्माण कराया गया है। कार्यदायी संस्था जल निगम की मानें तो परियोजना की टेस्टिंग पिछले महीने शुरू कर दी गई थी। टेस्टिंग के दौरान तीन ओवरहेड टंकी तक पानी पहुंच गया है। धंधरौल बांध में पर्याप्त पानी नहीं है, इस नाते आगे टेस्टिंग कार्य नहीं हो पा रहा है। अभी कई स्थान पर पाइप लाइन नहीं बिछ सकी है, इसलिए भी टेस्टिंग का काम आगे नहीं बढ़ सकी है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो चारों टंकियों तक पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। अब तक का टेस्टिंग कार्य सफल रहा है। टेस्टिंग कार्य पूरा करने के बाद हाउस कनेक्शन कराया जाएगा।
रहवासियों की प्रतिक्रिया:
पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत अभी नगर में विवेकानंद प्रेक्षागृह से मेन चौक तक पाइप लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। पाइप लाइन बिछने पर ही टेस्टिंग कार्य पूरा हो सकता है - धर्मराज जैन।
नगर के अभी कई मोहल्लों में पाइप लाइन नहीं डाली जा सकी है। परियोजना का काम धीमी गति से चलने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। - दीपक कुमार।
पाइप लाइन बिछाने के लिए नगर में सड़क खोद दी गई, लेकिन अभी तक सड़क का मरम्मत नहीं हो सका है। इससे आवागमन में दिक्कत हो रही है। जल निगम को पहले सड़क मरम्मत करानी चाहिए। - खुशबू।
परियोजना शुरू होने में पहले ही विलंब हो चुका है, अब विलंब न किया जाए। प्रशासन को टेस्टिंग के साथ ही हाउस कनेक्शन भी शुरू करना चाहिए। - सरिता।
राबर्ट्सगंज पुनर्गठन परियोजना के टेस्टिंग का काम चल रहा है। तीन ओवरहेड टंकी तक पानी पहुंच गया है। बांध में पर्याप्त पानी नहीं है, इससे टेस्टिंग में देर हो रही है। शासन से धन मिलते ही हाउस कनेक्शन भी शुरू करा दिया जाएगा। - संजय कुमार, एक्सईएन-जल निगम (शहरी)