सोनभद्र। धनतेरस पर श्री और समृद्धि की चाह में किसी ने सोना-चांदी खरीदा तो किसी ने वाहन। जमीन की खरीदारी का रुझान भी कम नहीं था। जिले की चार तहसीलों में शुक्रवार को कुल 42 रजिस्ट्री हुई। खास बात यह रही कि इसमें 30 रजिस्ट्री महिलाओं के नाम रही। सामान्य दिनों की अपेक्षा 15 फीसदी का उछाल दर्ज किया। हालांकि शनिवार को रजिस्ट्री दफ्तरों पर सन्नाटा रहा। कहीं एक तो कहीं दो-तीन मामले ही पहुंचे। धनतेरस पर की गई हर खरीदारी बहुमूल्य मानी जाती है। परंपरानुसार इस दिन लोग नए वस्तु, वाहन, संपत्ति की खरीद करते हैं। शुक्रवार को बाजारों में बरक्कत का भौकाल रहा। सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, किराना, मिठाई सहित हर क्षेत्र में बंपर भीड़ रही। जिले का कारोबार 200 करोड़ के आसपास पहुंच गया। रजिस्ट्री दफ्तर भी गुलजार रहे। लोग अच्छे मुहूर्त में संपत्ति खरीदकर शुभ की कामना में तल्लीन रहे। रॉबर्ट्सगंज रजिस्ट्री कार्यालय में सामान्य दिनों में 8-10 बैनामे होते हैं। धनतेरस पर 12 सौदे पंजीकृत हुए। वहीं दुद्धी में आंकड़ा 14 तक पहुंच गया। यहां भी अमूमन 8-10 ही बैनामे होते रहे हैं। घोरावल में नौ और नवसृजित ओबरा के रजिस्ट्री कार्यालय में सात बैनामे कराए गए। इसके अलावा पट्टा से जुड़ी कार्रवाई भी हुई। अधिकांश बैनामों में क्रेता के रूप में महिलाओं का नाम रहा। इसके पीछे उनके गृह लक्ष्मी होने और स्टांप शुल्क में छूट को भी वजह बताई जा रही है।