सोनभद्र। सपा-बसपा कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक रविवार को राबर्ट्सगंज में हुई। इसमें आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का निर्णय लिया। यहां सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र के वोटर लिस्ट का अवलोकन कर लें और यह देख लें कि किसी का नाम तो नहीं छूट गया है। जरूरत के अनुसार पात्र लोगों का नाम वोटर लिस्ट शामिल कराने के लिए प्रारूप छह भरकर निर्वाचन कार्यालय में जमा करा दें। चुुनाव के दौरान अधिक से अधिक वोटर सपा-बसपा के संयुक्त प्रत्याशी को वोट करें, इसको लेकर अभी से ही रणनीति तैयार करना शुरू कर दें। मनीष त्रिपाठी ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई पर चर्चा की। स्थानीय मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि पिछड़े क्षेत्रों में जहां की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं वहां सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने यूपी और केंद्र की सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। कहा कि पूंजीपति देश का पैसा लेकर भागने में सफल हो जा रहे हैं और सरकार मौन साधे हुए है। बैठक में कैलाश भारती, सरफराज अली, सोहन कश्यप, मुन्ना कुशवाहा, सुरेश अग्रहरि, हीरा सोनकर, रामललित भारती, पवन गुप्ता, आसिफ, लल्लू राम भारती, गोपाल गुप्ता, मोती कोल, जुनैद अंसारी, शकील अहमद मौजूद रहे।