चोपन। नगर के सिंदुरिया रोड पर स्थित इलाहाबाद बैंक में आए दिन नेट फेल होने से लेनदेन का कार्य प्रभावित हो रहा है। बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन सर्वर फेल रहा। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इलाहाबाद बैंक सलखन की शाखा सिंदुरिया रोड चोपन में स्थित है। यहां नगर के अलावा चोपन ब्लॉक के दर्जनों गांव के मजदूरों, छोटे-बड़े व्यापारियों, कर्मचारियों का खाता संचालित है। लेकिन बैंक में अक्सर सर्वर फेल होने से उपभोक्ताओं को समय से जरूरत के अनुसार रुपये नहीं मिल पा रहा है। लेनदेन का पूरा कामकाम ही अक्सर ठप हो जाता है। बैंक से करीब 12 से 25 किमी दूर स्थित नेवारी, भरहरी, गायघाट, जुगैल, परसोई, चतरवार, बिजौरा आदि दर्जनों गांव के मनरेगा श्रमिकों के अलावा अन्य छोटे-मोटे कारोबारियों तथा विभिन्न कर्मचारियों को बैंक आने-जाने में दिन भर का समय लग जाता है। ऐसे में दिन भर बैंक में व्यतीत करने के बाद भी जब लोग अपने खाते से पैसा नहीं निकाल पाते तो निराश होकर लौट जाते हैं। सबसे अधिक परेशानी तो निराश्रित, वृद्धा और दिव्यांग खाताधारकों को होती है। दूर गांवों से किराया लगाकर पेंशन आदि की राशि बैंक से लेने आने वाले इन लोगों को निराशा हाथ लगती है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में असंतोष है।