दुद्धी। पॉलिथीन और थर्माकोल से बने सामानों पर भले ही सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है लेकिन दुद्धी क्षेत्र में इसका कोई असर नहीं है। क्षेत्र में खुलेआम पॉलिथीन के थैले और थर्माकोल के सामान बिक रहे हैं। साथ ही दुकानदार पॉलिथीन में सामान भरकर ग्राहकों को दे रहे हैं। प्रशासन और नगर पंचायत के अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। पॉलिथीन और थर्माकोल से बने सामानों की बिक्री व उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके बावजूद दुद्धी नगर और आसपास के कस्बों में इनका धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। लोग सब्जियों से लेकर अन्य घरेलू सामान बाजारों से पॉलिथीन के थैले में लेकर जाते हैं। तहसील प्रशासन और नगर पंचायत प्रशासन ने जागरूकता अभियान चलाने के साथ कई दुकानों पर छापेमारी भी की लेकिन फिर से धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी भारत सिंह ने कहा कि पॉलिथीन के खिलाफ फिर से अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई भी दुकानदार पॉलिथीन या थर्माकोल से बने सामान की बिक्री करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।