सोनभद्र। सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगरपालिका राबट्र्सगंज कार्यालय के सामने अधिशासी अधिकारी का पुतला फूंका। नपा प्रशासन पर आश्रय सेल्टर हाउस में ताला बंद कर गरीबों का उत्पीड़न करने का आरोप मढ़ा। जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि गरीबों के लिए बना आश्रय सेल्टर हाउस में ताला बंद रहता है। वहां के कुछ कमरों में राजनीतिक लोगों की बैठक होती है और गोदाम बनाया गया है। गरीबों को रहने के लिए नहीं मिल रहा है। कहा कि पूर्व में कई बार आश्रय सेल्टर हाउस का ताला खुलने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन नपा प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं चला। इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधि भी मौन है। वक्ताओं ने कहा कि नपा के ईओ बयान दे रहे हैं कि आश्रय सेल्टर हाउस गरीबों के लिए खुला रहा है लेकिन सच्चाई यह है कि कई माह से बंद है। इसकी जिला प्रशासन स्तर से जांच होने पर सच्चाई खुलकर सामने आ जाएगी। सुरेश अग्रहरि, मुन्ना कुशवाहा, शकील अहमद, राम पटेल, जुनैद अंसारी, हरिदास अग्रहरि, गुलाम यासीन, मंदीप पटेल, हीरा सोनकर आदि मौजूद रहे।