अनपरा। विंध्यनगर डिपो की वाराणसी जाने वाली बसों का रेणुसागर, अनपरा बाजार, काशी मोड़ होते हुए संचालन किए जाने की मांग तेज हो गई है।
ऊर्जांचल युवा मंच के अध्यक्ष आशीष मिश्रा, अशोक केशरी, लोकनाथ पांडेय, अशोक चौबे, गोविंद प्रताप सिंह, सुरेश दीक्षित आदि का कहना है कि विंध्यनगर डिपो से वाराणसी जाने वाली बसों को पकड़ने के लिए अनपरा बाजार, परासी, अनपरा गांव, रेणुसागर आदि स्थानों के यात्रियों का काशी मोड़ जाना पड़ता है। जिसकी दूरी लगभग तीन से चार किमी है। विंध्यनगर डिपो की जाने वाली बसें यदि रेणुसागर वाया अनपरा बाजार होते हुए काशी मोड़ जाए तो यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। पूर्व में बसों का संचालन अनपरा बाजार होकर किया जा रहा था लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। रात में अनपरा बाजार से काशी मोड़ का रोड यात्रियों के लिए सदैव परेशानी का सबब रहा है। वाराणसी से आवागमन करने वाले यात्रियों को रात में काफी दिक्कतें होती है। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पुरानी व्यवस्था को बहाल करने की मांग की है।