घोरावल ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर निजी चिकित्सालयों की जांच की। मानक के विपरीत चल रहे छह अस्पतालों के स्वामियों को नोटिस जारी की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. गुरु प्रसाद मौर्या ने बताया कि इलाके में अवैध निजी अस्पतालों और झोलाछाप डाक्टरों की मिल रही शिकायत पर मंगलवार को छापेमारी की गई। फुलवारी, घुवास कालोनी और हिरनखुड़ी गांव में डा. मुन्ना प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। इन तीनों गांवों में स्थित अस्पतालों में न तो प्रशिक्षित डाक्टर मिले और न ही पैरामेडिकल स्टाफ ही था। साफ सफाई, अभिलेखों का रख रखाव, बायोमेट्रिक वेस्ट, आक्सीजन, फायर समेत तमाम बिंदुओं पर इन अस्पतालों की स्थिति दयनीय दिखी। निजी अस्पताल संचालित करने वाले पप्पू मौर्या, कमलेश कुमार, मुस्तफा अहमद, पिंटू सिंह पटेल को नोटिस जारी कर स्वास्थ्य विभाग ने जवाब तलब किया है।