सोनभद्र। जिले में छह से अधिक सदस्यों वाले 3229 परिवार ऐसे हैं जिनके एक भी सदस्य का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है। कुल 23256 लाभार्थी कार्ड के लाभ से वंचित पड़े हुए हैं। स्थिति को देखते हुए सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्र ने सभी सीएचसी अधीक्षक व पीएचसी प्रभारियों को पत्र जारी कर इसके लिए विशेष अभियान चलाने और प्रगति से रोजाना अवगत कराने का निर्देश दिया है। वहीं डीएसओ और डीपीआरओ को भी पत्र भेज जरूरी पहल के लिए कहा गया है। निर्गत किए गए पत्र में कहा गया है कि पात्र गृहस्थी (छह या अधिक सदस्य वाले सफेद राशन कार्डधारक) परिवारों एवं उनके सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है लेकिन अभी तक 3,229 परिवारों का कार्ड नहीं बन पाया है। ऐसे परिवारों के सदस्य आयुष्मान कार्ड न होने के कारण पात्र लाभार्थी योजना के तहत अनुमन्य निशुल्क उपचार की सुविधा से वंचित हो रहे हैं। सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने विकास खंड में विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान चलाते हुए नगरीय क्षेत्र तथा ग्रामीण/शहरी क्षेत्र के ऐसे सभी पात्र लाभार्थी, जिनके आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं, उनका कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।