सोनभद्र। जिले के रास्ते गांजा की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही। नार्कोटिक्स ब्यूरो और एसटीएफ लखनऊ की टीम ने पिपरी पुलिस के साथ मिलकर एक बल्कर से 320 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मुर्धवा मोड़ से बरामद यह गांजा छत्तीसगढ़ से वाराणसी लाया जा रहा था। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्कर भी गिरफ्तार किए गए हैं। बरामद गांजा की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी जा रही है।
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की भोर में रेणुकूट के मुर्धवा तिराहा के पास घेराबंदी कर छत्तीसगढ़ के नंबर वाले एक संदिग्ध बल्कर को पकड़ा। तलाशी के दौरान बल्कर के केबिन में दो-दो किलो के 160 पैकेट में कुल 320 किलो गांजा बरामद हुआ।
टीम ने अंतर राज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान शर्मानंद पटेल निवासी बस्तियां थाना चैनपुर, जिला मोतीहारी और अर्जुनराम निवासी बनिया छापर, जिला गोपालगंज बिहार के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि गांजा छत्तीसगढ़ के पत्थरगढ़ से लेकर वह वाराणसी जा रहे थे। पिपरी थाने में संबंधित धाराओं में दोनों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजा की कीमत करीब 35 लाख और बल्कर की कीमत 40 लाख रुपये है। दोनों के पास से मोबाइल भी मिला है। टीम में पिपरी एसओ राजेश कुमार सिंह, एसटीएफ लखनऊ के एसआई वीरेंद्र यादव व एनसीबी के रवि प्रकाश आदि शामिल रहे।