म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर शनिवार की दोपहर हुए हादसे वाली जगह रविवार की भोर में एक ट्रेलर के फंस जाने की वजह से मार्ग पर फिर से जाम लग गया। इससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसों का मार्ग बदल कर दुद्धी के रास्ते संचालित किया जा रहा है। कई घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह जाम हटवाकर यातायात बहाल किया गया। म्योरपुर थाना के मूर्धवा-बीजपुर मार्ग के बीच रनटोला रेलवे गेट के पास छत्तीसगढ़ से वाराणसी की ओर पार्ट्स लाद कर जा रहे ट्रेलर के बैक होकर सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़े होने से रविवार की भोर चार बजे से जाम लग गया और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बड़ी मशक्कत के बाद सात घंटे बाद मार्ग को एक लेन खोलकर चालू कर दिया गया। इससे पूर्व पुलिस ने फंसे वाहनों को हटा कर दो और चार पहिया छोटे वाहनों को जाने का रास्ता बनाया था। बाकी बड़े वाहन बुद्धि के रास्ते आगे का सफर तय कर रहे थे। ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल आदि ने बताया कि रेलवे गेट के पहले घुमाव के पास सड़क सकरी है और आए दिन यहां वाहन दुर्घटना होती रहती है, लेकिन लोक निर्माण विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बताया कि शनिवार को इसी जगह पर दो वाहन लड़ गए थे और तीन घंटे जाम लग गया था। रविवार को ट्रेलर के फंसने से भयंकर जाम में फंसकर सैकड़ों दिहाड़ी मजदूर, रेनुकूट काम पर नही जा सके, वहीं यात्री भी परेशान होते रहे। यात्री बसों को 15 किमी अतिरिक्त सफर तय करने के बाद दुद्धी के झारो के रास्ते आश्रम मोड़ पहुंचना पड़ा, जबकि बड़े वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सात घंटे बाद एक तरफा यातायात बहाल किया जा सका।