रेणुकूट। क्षेत्र के मुर्धवा ग्राम पंचायत की बदहाल सड़कों के संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई शिकायत के संबंध में जांच के बाद भी अब तक सड़क न बनने से ग्रामीणों में असंतोष है। मुर्धवा निवासी राजकुमार ने प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई शिकायत में लिखा था कि मुर्धवा ग्राम पंचायत की सड़कें बदहाल स्थिति में पहुंच गई हैं। सड़कों की खराब स्थिति से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोग आए दिन उसमें गिरकर घायल हो जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय से भेजे गये निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अवर अभियंता सिद्धन राम से जांच कराई तो जेई ने पाया कि वास्तव में गांव की सड़कें बुरी तरह खराब है। डीएम को भेजी अपनी रिपोर्ट में उन्होंने लिखा है कि मुर्धवा में पीडब्ल्यूडी से सड़कों का तत्काल बनवाया जाना आवश्यक है। गलियों की सड़कें भी काफी खराब स्थिति में हैं, जहां सीसी रोड का निर्माण होना है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। मुर्धवा के लोगों ने डीएम से सड़क निर्माण की मांग की है।