सोनभद्र। सोनभद्र विकास मंच की बैठक सोमवार को घोरावल गांव के जड़ेरूआ गांव में हुई। यहां करमा ब्लॉक को चालू करने समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। 24 अगस्त से आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद गांव में योजनाओं का लाभ अपात्रों को दिये जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। बैठक में मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि पुराने चिकित्सालय परिसर राबर्ट्सगंज में 24 घंटे अस्पताल संचालित करने की मांग निरंतर जारी रहेगी। इसको लेकर आंदोलन चलता रहेगा। जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर संगठन 24 अगस्त से क्रमिक अनशन राबर्ट्सगंज शुरू करेगा। 21 सितंबर को बुद्धि-शुद्धि यज्ञ, पुतला दहन और जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने इस आंदोलन में सभी से शामिल होने की अपील की। घोरावल ब्लाक अध्यक्ष भाईलाल, महामंत्री रामसागर कोल ने कहा कि जनहित को लेकर मंच आंदोलन करेगा। बैठक के बाद ग्रामीणों ने ज्ञानेश्वर के नेतृत्व में गांव में प्रदर्शन किया और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिये जाने की मांग की। इस मौके पर युवा मंच के अध्यक्ष प्रांजल श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार, रमेश मौर्य, विद्यासागर, बहादुर गुप्ता, धनेश, मनोज गुप्ता, महेश चंद्र, शिवनाथ, राजू पटेल, रामचंद्र, दशरथ आदि रहे।