अनपरा। एनसीएल बीना परियोजना खदान स्थित शिव मंदिर के पास अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सोमवार को सुरक्षा विभाग व पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध अतिक्रमण को जमीदोंज कर दिया। जिससे क्षुब्ध लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। जमशीला गांव के अजय विश्वकर्मा, विनय सोनकर, राज कुमार, टिंकू, शिला देवी, कंचन, रीता, निर्मला देवी, निरंजन आदि लोगों ने कहा कि वर्षों से जिस मकान में वे लोग रह रहे हैं अगर फोरलेन सड़क बनेगी तो उनका मकान गिर जाएगा। परियोजना की खाली पड़ी जमीन पर वह अपना आशियाना बनाना चाहते है। लेकिन उन लोगों को बसने नहीं दिया जा रहा है। कार्रवाई से क्षुब्ध लोगों ने मुख्य महाप्रबंधक बीना दफ्तर पर नारेबाजी कर रोष जताया। उधर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे अधिकारियों ने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।