सोनभद्र (अनपरा)। अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर में आवंटित आवासों को किराये पर चलाने वाले 50 कर्मचारियों को परियोजना प्रबंधन ने नोटिस देकर 24 मार्च तक आवास खाली कराये जाने का निर्देश दिया। इससे संबंधित कर्मचारियों व किरायेदारों में हड़कंप मच गया है। अनपरा तापीय परियोजना के इंजीनियर अजय शर्मा ने बताया कि लगभग 50 कर्मचारियों को चिह्नित किया गया है, जो अपने आवास को किराये पर चला रहे है उन्हें नोटिस देकर अवगत कराया गया है कि 24 मार्च तक निगम द्वारा आवंटित आवास को किरायेदार से खाली कराकर या तो कर्मचारी उसमें रहे या फिर संबंधित अधिकारी से मिलकर आवास को हस्तगत कर रिक्ततता प्रमाण पत्र प्राप्त कर लें। अन्यथा कर्मचारी का वेतन रोकते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना परिसर में बाहरी लोगों के रहने से कालोनी परिसर का माहौल जहां खराब हो रहा है वहीं ट्रांसफर होकर आने वाले कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवासों को खाली कराने के लिए बकायदे मुनादी भी करायी गयी है।