सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के हाडडिल के समीप मंगलवार की रात पुलिस ने उन्नाव पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया। पकड़ा गया आरोपी टीकम उर्फ हरिओम नाबालिग तीन बच्चों का बहला-फूसला कर उनके घर से उन्नाव ले गया। वहां दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म करता था। आरोपी के पास से चोरी की सोने की अंगुठी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। यह जानकारी बुधवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली में पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि पिछले माह घोरावल कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला आरोपी टीकम उर्फ हरिओम गांव के ही नाबालिग एक बच्चे और दो बच्चियों को लेकर फरार हो गया था। आरोपी ने बच्चों से नकदी और जेवरात चोरी भी कराया था। पीड़ित एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और अपहरण का केस दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू की। सीटी सीओ धनंजय सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में स्वाट टीम और घोरावल इंस्पेक्टर को आरोपी को लापता बच्चों के साथ गिरफ्तार करने के लिए लगाया गया। दो दिन पूर्व उन्नाव पुलिस ने अपह्त तीन बच्चों को एक मकान से बरामद किया। लेकिन वहां से आरोपी भागकर मंगलवार की देर रात राबर्ट्सगंज पहुंचा। यहां पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। उन्होंने बताया कि घोरावल पुलिस ने उन्नाव से बच्चों को लाकर उनके परिवार वालों को सौंप दी। एसपी ने कहा कि टीकम उर्फ हरिओम दोनों नाबालिक बच्चियों से दुष्कर्म करता था। इसलिए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पास्को एक्ट के तहत भी कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया गया।