सोनभद्र। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत दाखिले के लिए दूसरे चरण की सूची जारी कर दी गई है। लॉटरी के माध्यम से दूसरे चरण में 301 बच्चों का चयन हुआ है।
आरटीई के तहत जिले के सभी निजी स्कूलों में कुल सीट के सापेक्ष 25 फिसदी सीटों पर गरीब तबके के बच्चों को दाखिला कराया जाता है। उनके फीस की भरपाई बेसिक शिक्षा विभाग करता है। जिले में पहले चरण के लिए छह फरवरी से 28 फरवरी तक आवेदन किए गए। जिसमें 1176 बच्चों ने आवेदन किया। लाटरी के माध्यम से पहले चरण में 455 बच्चे चयनित हुए। जिनका निजी स्कूलों में दाखिला कराया गया। दूसरे चरण की प्रकिया के लिए आवेदन 14 मार्च से छह अप्रैल तक हुए आवेदन में 678 बच्चों ने हिस्सा लिया। अब कुछ दिन पहले दूसरे चरण की लॉटरी निकाली गई। इसमें करीब 301 बच्चों को चयनित किया गया है, जबकि 377 बच्चों का दाखिला पास के स्कूलों में सीटें ना होने व आवेदन में गड़बड़ी के चलते नहीं हो सका है। आवेदन में चयनित हुए बच्चों का दाखिला उच्चाधिकारियों के अनुमोदन के बाद हो जाएगा। प्रभारी बीएसए रंजना शुक्ला ने बताया कि यह योजना जरुरत मंदों के सपनों को साकार कर रही है। दूसरे चरण के लिए लॉटरी निकाली गई है। इसमें चयनित सभी बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में कराया जाएगा।