शासन के निर्देश पर परिवहन निगम की तरफ से पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई। 23 अगस्त से 31 अगस्त तक हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सिर्फ सोनभद्र और विंध्यनगर डिपो की बसों में 29955 अभ्यर्थियों ने निशुल्क सफर किया है।
इन अभ्यर्थियों को सफर कराने में परिवहन निगम को 49.58 लाख रुपये से अधिक का किराया वहन करना पड़ा है। अन्य डिपो की रोडवेज बसों में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने यात्रा की है।
सोनभद्र डिपो की बसों में 21511 अभ्यर्थियों ने फ्री में सफर किया है। अभ्यर्थियों को फ्री में सफर कराने के लिए उनका आधार और एडमिट कार्ड का फाेटो कॉपी जमा कराया जा रहा था।
विंध्यनगर डिपो की बसों में बीते 23 अगस्त से 31 अगस्त के बीच 8444 महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने फ्री में यात्रा किया है। वहीं पूरे वाराणसी परिक्षेत्र में तीन करोड़ रुपये से अधिक किराये का अभ्यर्थियों ने फ्री में सफर किया है।