राबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड बुस्टर डोज लगवाते लोग। संवाद
- फोटो : SONBHADRA
अगर आपने अभी तक कोरोनारोधी वैक्सीन की बूस्टर डोज नहीं लगवाई है तो अब इसके लिए शुल्क देना पड़ेगा। फ्रंट लाइन वर्कर और 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके बुजुर्गों को ही इसमें छूट मिलेगी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 दिनों तक चले निशुल्क अभियान में जिले के 3.71 लाख लोगों ने निशुल्क बूस्टर डोज लगवाई है। शुक्रवार को अंतिम दिन करीब 2000 लोगों ने टीके की बूस्टर डोज ली।
शासन के निर्देश पर 15 जुलाई से 18 वर्ष की अधिक उम्र वाले लोगों को मुफ्त में बूस्टर डोज देने का एलान किया था। जिले की अनुमानित आबादी 21,77,754 मानते हुए शासन ने जिले में कुल 11,62,620 लोगों को बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया था। 75 दिनों के मुफ्त बूस्टर डोज के बावजूद भी निर्धारित लक्ष्य से जिला काफी पीछे रह गया। लक्ष्य के सापेक्ष 371000 लोगों को ही टीके की बूस्टर डोज लगी है।
इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को निशुल्क डोज लगाई गई। अब शासन से कोई भी निर्देश ना आने के बाद आज से बूस्टर डोज मुफ्त में लगनी बंद हो जाएगी। वहीं जिले में 18 से 59 वर्ष के लोगों को मुफ्त में बूस्टर डोज के टीके के लिए महज हिंडाल्को की ओर से ही इंतजाम किया गया है।
शासन की ओर से 75 दिनों तक जो मुफ्त बूस्टर डोज का अभियान था उसे आगे बढ़ाने के लिए कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। कुछ वैक्सीन बची है जिसे लगवाया जाएगा। आगे जो भी शासन से निर्देश मिलेगा उसके अनुसार कार्य होगा। - अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।