जनपद में बगैर परमिट और ओवरलोड बालू, गिट्टी समेत अन्य खनिज संपदाओं का परिवहन कर रहे ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को सदर कोतवाली समेत अन्य थाना क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस और खनन विभाग की टीम ने 41 ट्रकों को पकड़ कर लिया। इनमें से 27 ट्रकों को सीज करते हुए 14 ट्रकों का चालान किया गया। इस कार्रवाई से नियमों को ताख पर रख कर खनिज संपदा परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने खनन विभाग के अधिकारियों को फोर्स के सहयोग से बगैर एमएम-11 और ओवरलोड खनिज संपदाओं का परिवहन करने वाले ट्रकों को पकड़ कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उक्त आदेश के क्रम में बृहस्पतिवार की अलसुबह से राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में फोर्स के साथ कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय और खनन विभाग की टीम ने बालू-गिट्टी लदे ट्रकों की जांच करना शुरू कर दिया है। इसी तरह से चोपन थाना क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी राजकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में ओवरलोड बालू और गिट्टी लदे ट्रकों की थाना प्रभारी लक्ष्मण पर्वत व डाला चौकी प्रभारी सुरेश चन्द्र द्विवेदी ने जांच की। इसी तरह से म्योरपुर, बभनी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। ज्येष्ठ खान अधिकारी आशीष राना ने बताया कि चेकिंग के दौरान बालू-गिट्टी लदे 41 ट्रकों को पकड़ा गया। बगैर परमिट के कई वाहन परिवहन करते पाए गए। उन्होंने बताया कि पकड़े वाहनों में से करीब 27 ट्रकों को सीज कर दिया गया। वहीं 14 ट्रकों की ऑनलाइन चालान किया गया है। कहा कि बगैर परमिट के परिवहन करने वाले ट्रकों के मालिकों, चालकों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।