चोपन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शामिल वर-वधू।स्रोत विभाग
चोपन। रेलवे फुटबॉल मैदान में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 252 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में 243 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़ों ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। नप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। समारोह में रॉबर्ट्सगंज के 38, करमा के 24, चतरा के 17, नगवां के 20, दुद्धी के 21, म्योरपुर के 27, घोरावल के 25, चोपन के 20, कोन के 19 और बभनी के 29 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। नगर पालिका क्षेत्र के 12 जोड़े भी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों का विवाह धूमधाम से नहीं करा पाते। कार्यक्रम के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़ईडीह के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। अध्यापक अरविंद कुमार, सविता सिंह, पटेल, कंचन, वैजयंती माला और मीरा सिंह की मौजूदगी में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, एडीएम (नमामि गंगे) रोहित यादव, एसडीएम रवि पासवान, डीडीओ हेमंत सिंह आदि मौजूद रहे।