सोनभद्र। वर्ष 2020 के मार्च महीने में ही कोरोना ने पांव पसारना शुरू कर दिया। उसी की देन रही कि स्कूल, कॉलेज सभी बंद हो गए। प्रवेश तो किसी तरह से ऑनलाइन या ऑफलाइन हो गए, लेकिन पढ़ाई नहीं हुई। बाद में स्कूल प्रशासन, शिक्षा विभाग और शिक्षकों ने ऑनलाइन पढ़ाई कराना शुरू कर दिया। इसका लाभ महज 25 फीसदी ही बच्चों को मिला। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा को देखते हुए अक्तूबर महीने से ऑफलाइन पढ़ाई शुरू करायी गई। हालांकि कोरोना को देखते हुए स्कूल जाने के लिए किसी को बाध्य नहीं किया गया। इस बीच ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई करते हुए किसी तरह से बच्चों ने कोर्स पूर्ण कर लिया। अब वह परीक्षा के लिए पूर्ण तैयार हैं।माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार आठ मई से 28 मई तक बीच परीक्षा होनी है। परीक्षा की सूचना जारी होने से पहले ही छात्र-छात्राओं ने तैयारी पूर्ण कर ली। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस बार 45198 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने हैं। इसके लिए 78 केंद्र बनाए गए हैं।ऑनलाइन शिक्षा के नोडल अधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई से बच्चों को काफी मदद मिली। कोर्स पूर्ण हो चुका है। इस साल 30 फीसदी कोर्स कम किया गया है।