रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद कार्यालय में संभव दिवस पर फरियाद लगाते लोग। संवाद
सोनभद्र। जिले के 10 नगरीय निकायों में सोमवार को संभव दिवस पर जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान साफ-सफाई, पेयजल, जल निकासी और मार्ग प्रकाश से संबंधित कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सभी शिकायतों का निस्तारण कराने का दावा किया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में अवर अभियंता राज कुमार राज की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। निकायवार प्राप्त शिकायतों में सोनभद्र नगर पालिका परिषद में दो, घोरावल में एक, चुर्क-घुर्मा में दो, चोपन में पांच, ओबरा में पांच, रेणुकूट में एक, पिपरी में दो, दुद्धी में दो, डाला बाजार में एक और अनपरा में चार शिकायतें शामिल रहीं। अवर अभियंता राज कुमार राज ने बताया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर सभासद अनवर अली, मनोज चौबे, विमलेश और अजीत सिंह समेत नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।