जिले में 15 व 16 अक्तूबर को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। दो पालियों में 13 केंद्रों पर कुल 23904 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 5976 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
परीक्षा केंद्रों को कुल चार सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा केंद्र राबर्ट्सगंज मुख्यालय के आसपास के कॉलेजों को बनाया गया है। पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली में दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक सहित 15 स्टेट्रिक मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए चार सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी नजर रखेंगे।
ये हैं परीक्षा केंद्र
राजकीय महिला महाविद्यालय छपका, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज, राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज लोढी, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क, राजा शारदा इंटर कॉलेज, संत जोसेफ कांवेंट हाईस्कूल बढ़ौली, संत कीनाराम पीजी कॉलेज लोढ़ी, संत जेवियर्स उच्चतर मा. विद्यालय राबर्ट्सगंज, स्वामी हरसेवानंद इंटर कॉलेज चुर्क, विंध्य कन्या पीजी कॉलेज उरमौरा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों को कालेज पर सभी जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया जा चुका है। जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। - राजेंद्र यादव जिला विद्यालय निरीक्षक।