चोपन थाना क्षेत्र के रजधन में खाद की जांच करते एसडीएम और जिला कृषि अधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
जिले मेें अवैध ढंग से खाद का भंडारण कर बिक्री करने वालों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम चंद्र विजय सिंह के निर्देश पर सभी एसडीएम ने नियमों को ताख पर रख कर खाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को सदर तहसील क्षेत्र के रजधन गांव में खाद के अवैध भंडार और कालाबाजारी की सूचना पर कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने छापा मारकर अवैध ढंग से रखी गई 233 बोरी खाद पकड़ी। अवैध खाद का भंडारण करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रविवार को एसडीएम सदर रमेश कुमार की अगुवाई में जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण मिश्र टीम के साथ पूर्व में अवैध खाद भंडारण और कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर श्रीराम किशोर व मोहनलाल केशरी ग्राम रजधन थाना चोपन के यहां छापे की कार्रवाई की। छापे के दौरान इनके घर के दो कमरों में कुल 233 बोरी खाद मिली। मकान मालिकों से प्राधिकार पत्र/लाइसेंस मांगा गया लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। एसडीएम के पूछताछ करने पर राम किशोर और मोहन लाल ने बताया कि उन्हें कुल 233 बोरी अवैध खाद राजू निवासी पथरहा चोपन ने उपलब्ध कराए थे। राम किशोर के घर में ही दो कमरों में पाये गये अवैध खाद को सील कर दिया गया। राम किशोर और मोहन लाल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खरीफ सीजन में जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। खाद विक्रेताओं को हिदायत दी गई है कि किसानों को उचित मूल्य पर ही यूरिया, डीएपी व अन्य उर्वरक केश मेमो के साथ उपलब्ध कराएं।