कोविड टीकाकरण में तेजी लाने के लिए गांव स्तर पर टीकाकरण शुरू होने के बाद भी ग्रामीण टीका लगवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ग्रामीणों के इस रवैये से ड्यूटी में लगे स्वास्थ्य कर्मी और राजस्व कर्मी परेशान हैं। सोमवार को घोरावल के मुक्खा, ओड़ाहथा, सरौली, मूड़ीलाडीह, जोगिनी प्राथमिक विद्यालयों पर स्वास्थ विभाग की टीमें सुबह से ही ग्रामीणों को टीका लगाने पहुंच गईं लेकिन ग्रामीण दोपहर तक टीका लगवाने नहीं पहुंचे। जबकि गांवों में मुनादी कराकर लोगों को प्रशासन ने सूचना दी थी। ग्राम प्रधान, सचिव, पुलिस, राजस्वकर्मी भी टीकाकरण में तेजी लाने के लिए लगाए गए थे। प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद देर शाम तक मूडीलाडीह में 50, सरौली में 50, मुक्खा में 50, ओड़ाहथा में 29 और सीएचसी घोरावल में 45 लोगों ने ही टीका लगवाया।