रॉबर्ट्सगंज उरमौरा डायट परिसर में मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह में वर माला डालते वर-वधू। संवाद
सोनभद्र। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को रॉबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में 225 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 216 हिंदू जोड़ों ने रीति-रिवाज के अनुसार सात फेरे लिए, जबकि नौ मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि विभाग की ओर से समारोह आयोजित किया गया। विकासखंड म्योरपुर के सबसे अधिक 43 जोड़ों का विवाह हुआ। इसके अलावा रॉबर्ट्सगंज के 38, घोरावल के 29, बभनी के 24, चोपन के 21, करमा के 19, दुद्धी के 15, चतरा के 11, कोन के आठ और नगवां के पांच जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। नगर पालिका क्षेत्र के 12 पात्र जोड़े भी वैवाहिक बंधन में बंधे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह और नगवां ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके अलावा 21 हजार रुपये मूल्य की वैवाहिक उपहार सामग्री दी गई। इसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन और मिठाई सहित अन्य सामान शामिल हैं। भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम (नमामि गंगे) रोहित यादव समेत अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में नवंबर में फिर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अगला आयोजन 15 से 25 नवंबर के बीच प्रस्तावित है। इच्छुक पात्र परिवार आवेदन और पात्रता संबंधी जानकारी के लिए संबंधित विभाग या विकासखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।